अमृतसर – पंजाब में एक बार फिर कोरोना वायरस का खतरा मंडराने लगा है। हाल ही में अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टरों के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। तीनों डॉक्टरों को तत्काल होम आइसोलेट कर दिया गया है। इस खबर ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। राज्य सरकार ने सिविल सर्जनों को पत्र लिखकर कोरोना की संभावित वापसी के लिए तैयार रहने और जरूरी संसाधनों की समीक्षा करने को कहा है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर न जाने, मास्क पहनने और बार-बार हाथ धोने की सख्त सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना के लक्षणों में लगातार बुखार, गले में खराश, स्वाद और गंध का न आना, पेट दर्द, लूज मोशन, सिर दर्द, सीने में भारीपन, सांस की तकलीफ और थकान शामिल हैं। यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत कोविड टेस्ट कराना आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा कि सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन, दवाइयों और अन्य जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। पहले की तरह हेल्पलाइन और कोविड केयर सेंटर भी सक्रिय किए जा सकते हैं।
















