जालंधर में युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहर की प्रसिद्ध संस्था एक्सीलेंस क्रिकेट इंस्टीट्यूट द्वारा “पहला एस. गुरदीप सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 31 मई 2026 से 7 जून 2026 तक DAV कॉलेज ग्राउंड, जालंधर में आयोजित होगा।
टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य शहर तथा आसपास के क्षेत्रों के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को एक बड़ा और प्रोफेशनल मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले 25 ओवर फॉर्मेट में खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव देने के लिए टूर्नामेंट में प्रोफेशनल अंपायरिंग, लाइव स्कोरिंग और व्हाइट बॉल क्रिकेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए “मैन ऑफ द मैच”, “मैन ऑफ द टूर्नामेंट” और “बेस्ट परफॉर्मर” जैसे आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।
बाहरी राज्यों और शहरों से आने वाली टीमों और खिलाड़ियों के लिए विशेष रहने की व्यवस्था भी की गई है। खिलाड़ियों के ठहरने हेतु गेस्ट हाउस बुक किए गए हैं, जहां आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही सभी खिलाड़ियों को ब्रेकफास्ट और रात का खाने की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोजकों ने बताया कि यह टूर्नामेंट दिवंगत एस. गुरदीप सिंह की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके सम्मान में आयोजित यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने का कार्य करेगी।
क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने अधिक जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए इच्छुक टीमों एवं खिलाड़ियों से संपर्क करने की अपील की है।
















