ePaper Reading mode

Rzana Punjab ePaper

Monday, 22 September 2025

अमृतसर सिविल अस्पताल में मची अफरातफरी, स्टाफ ने बचाई सैकड़ों जिंदगियां

Amritsar Civil Hospital Fire: Staff Save Children and Patients After Blaze in Blood Bank
Amritsar Civil Hospital Fire: Staff Save Children and Patients After Blaze in Blood Bank

अमृतसर के सिविल अस्पताल में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। सुबह लगभग 7:45 बजे ब्लड बैंक में रखे एक फ्रिज से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। हादसे के समय अस्पताल में दर्जनों मरीज और छोटे बच्चे मौजूद थे। हालात बिगड़ते देख स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आग ब्लड बैंक के पास मौजूद बच्चों के वार्ड तक फैलने का खतरा था। इस स्थिति को भांपते हुए स्टाफ ने तुरंत वार्ड खाली करवाया और सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।

सुरक्षा गार्ड ने ब्लड बैंक की खिड़कियों के शीशे तोड़े ताकि गैस इकट्ठी न हो सके। इसके बाद कर्मचारियों ने फायर सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। अस्पताल कर्मचारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों की जान को खतरा हो गया था। लेकिन स्टाफ ने मिलकर हिम्मत दिखाई और मुश्किल हालात में भी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अस्पताल की कर्मचारी वंदना ने कहा, “हमारा दिल जानता है कि किस तरह हमने जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया।" करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया और निचली मंज़िल को सुरक्षित बचा लिया गया।

सिविल सर्जन डॉ. धवन ने बताया कि आग की शुरुआत ब्लड बैंक में रखे एक फ्रिज से हुई। आशंका है कि फ्रिज सेल्फ-हीट होकर जल उठा और आसपास के अन्य फ्रिजों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।