Wednesday, 12 November 2025
international
चीन के सिचुआन प्रांत में नया पुल ढहा — खुलने के कुछ महीनों बाद ही आई बड़ी दरार, भूगर्भीय अस्थिरता बनी वजह
चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में हाल ही में बना होंगची पुल (Hongqi Bridge) महज़ कुछ महीनों के भीतर ही ढह गया। यह पुल 758 मीटर लंबा था और माओर्कांग शहर के पास एक राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा था, जो मध्य चीन को तिब्बत से जोड़ता है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मंगलवार दोपहर पुल का एक हिस्सा अचानक गिर गया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, क्योंकि पुल को पहले ही भू-स्खलन और ढलान में बदलाव के खतरे के चलते बंद कर दिया गया था।
सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स द्वारा जारी वीडियो में नदी के ऊपर उठते धूल और मलबे के घने बादल साफ दिखाई दिए। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ों की बिगड़ती भू-स्थिति और भूस्खलन ने पुल के एप्रोच हिस्से को कमजोर कर दिया, जिसके चलते सड़क का ऊपरी भाग और स्पैन धंस गया।
यह पुल इस साल की शुरुआत में Sichuan Road & Bridge Group द्वारा बनाया गया था। इसके ढहने ने एक बार फिर चीन में निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं — ख़ासकर उन पश्चिमी प्रांतों में, जहाँ सड़कें और पुल पहाड़ी व अस्थिर इलाकों से होकर गुजरते हैं।
हालांकि शुरुआती जांच में संरचनात्मक खामियों के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन यह हादसा क़िंगहाई प्रांत में हुए एक अन्य पुल हादसे के कुछ ही महीनों बाद सामने आया है, जिसमें 12 मज़दूरों की मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने चीन के तेज़ इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार और सुरक्षा निगरानी प्रणाली पर बहस को फिर से तेज़ कर दिया है। फिलहाल जांच जारी है, और यह स्पष्ट नहीं है कि राजमार्ग को दोबारा कब खोला जाएगा।