Friday, 03 October 2025
international
महिला वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत: क्या महिला टीम भी अपनाएगी 'नो हैंडशेक' रणनीति?
5 अक्टूबर को कोलंबो के न्यूट्रल वेन्यू पर महिला वर्ल्ड कप का सबसे हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच से पहले क्रिकेट जगत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम भी पुरुष टीम की तरह पाकिस्तान से हाथ मिलाने से इनकार करेगी?
इस अटकल की शुरुआत भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की पिछली रणनीति से हुई है। एशिया कप 2025 में जब भारत और पाकिस्तान तीन बार भिड़े थे, तो हर बार भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाने से परहेज किया था। यह कदम केवल खेल तक सीमित नहीं माना गया, बल्कि इसे भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ एक सख्त राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश के तौर पर देखा गया।
उस दौरान पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के चलते भारत-पाकिस्तान संबंध बेहद तनावपूर्ण थे। भारतीय टीम ने यह साफ कर दिया था कि मैदान पर भी वह सामान्य रिश्तों का प्रतीकात्मक संदेश नहीं देना चाहती।
अब जब महिला वर्ल्ड कप का महामुकाबला करीब है, तो सभी की नजरें भारतीय महिला खिलाड़ियों पर टिकी हैं। क्या वे भी पुरुष टीम की तर्ज पर हाथ नहीं मिलाएंगी? या फिर वे खेल की औपचारिकता निभाते हुए पारंपरिक तरीके से मैच से पहले और बाद में पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाएंगी?
रविवार को दोपहर 3 बजे कोलंबो में शुरू होने वाले इस मुकाबले में सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों का आचरण भी चर्चा का विषय बनने वाला है। यह मैच बताएगा कि भारत महिला टीम के जरिए भी पाकिस्तान को वैसा ही कड़ा संदेश देना जारी रखेगा या फिर खेल भावना को प्राथमिकता देगा।