Sunday, 09 February 2025
Jalandhar
इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी सचिन रत्ती पर धोखाधड़ी का आरोप, FIR दर्ज
जालंधर पुलिस ने इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी सचिन रत्ती और उनके भाई गगनदीप रत्ती के खिलाफ धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों के चलते मामला दर्ज किया है। दोनों पर एक व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
लाजपत नगर निवासी सचिन रत्ती और उनके भाई के खिलाफ व्यापारी विनोद कौशल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। व्यापारी का आरोप है कि सचिन ने उन्हें एक बड़ी स्पोर्ट्स कंपनी से बैडमिंटन रैकेट दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के आधार पर व्यापारी ने रत्ती के भाई के बैंक खाते में लगभग 32 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
व्यापारी का दावा है कि सौदे के तहत उन्हें सैंपल के तौर पर एक डिब्बा रैकेट दिया गया था, लेकिन तय ऑर्डर पर रैकेट नहीं मिले। जब उन्होंने रत्ती से पैसे वापस मांगे तो विवाद शुरू हो गया। इस विवाद के बाद आरोपियों ने लगभग आधी रकम लौटा दी, लेकिन बाकी 15 लाख रुपये लौटाने से इनकार कर दिया।
व्यापारी की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न धाराओं के तहत सचिन रत्ती और गगनदीप रत्ती के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
इस पूरे मामले पर सचिन रत्ती ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है और उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने मामले में किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार किया है।