Monday, 07 April 2025
Jalandhar
जालंधर में भीषण आग से मची अफरा-तफरी: मोबाइल हाउस के पास मकान में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियां मौके पर
जालंधर (फगवाड़ा गेट): शहर के भीड़भाड़ वाले फगवाड़ा गेट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। यह मकान एक मोबाइल हाउस के पास स्थित था, जिससे आसपास की दुकानों और लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहे थे, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में घबराहट का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन इस दौरान उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
शॉर्ट सर्किट बनी हादसे की वजह दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। तेज़ी से फैली आग ने मकान का एक बड़ा हिस्सा अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात ये रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
वाहनों ने बढ़ाई मुश्किलें घटना स्थल पर आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी दिक्कत वहां खड़े निजी वाहनों ने दी। तंग गली और सड़क किनारे खड़े वाहन दमकल की गाड़ियों की आवाजाही में बाधा बने रहे। फायरकर्मियों को बार-बार लोगों से अपील करनी पड़ी कि वे अपने वाहन हटाएं।
फायर डिपार्टमेंट ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय पार्षद को भी सूचित किया। पार्षद ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन और अवैध पार्किंग पर जल्द सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।