Friday, 22 August 2025
National
पंजाबी सिनेमा ने खोया अपना हंसी का सितारा, जसविंदर भल्ला का 65 साल की उम्र में निधन
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के लिए आज का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। पंजाबी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और चहेते कलाकार-कॉमेडियन जसविंदर भल्ला अब इस दुनिया में नहीं रहे।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जसविंदर भल्ला ने शुक्रवार सुबह मोहाली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से बीमार थे और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी उम्र 65 साल थी।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, भल्ला का अंतिम संस्कार 23 अगस्त दोपहर 12 बजे मोहाली के बलोंगी श्मशान घाट में किया जाएगा।
उनके निधन की खबर से पूरा पंजाब और फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। सोशल मीडिया पर फैन्स और कलाकार लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पंजाबी कलाकारों ने भी पोस्ट लिखकर अपनी भावनाएं साझा की हैं और इस बड़े नुकसान पर दुख जताया है।
जसविंदर भल्ला ने अपने लंबे करियर में न सिर्फ कॉमेडी को नया आयाम दिया, बल्कि समाज से जुड़े मुद्दों को भी हंसी के जरिए पेश किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग, डायलॉग डिलीवरी और अनोखे अंदाज़ ने उन्हें दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए अमर कर दिया।