ऑपरेशन सिंदूर की गौरवगाथा: दिल्ली से आदमपुर तक एयरफोर्स की विजय कार रैली, मिग-29 प्रतीक चिन्ह के साथ शील्ड भेंट कर किया गया भव्य स्वागत
By globaladmin
•
26 Jul 2025, 01:27 PM
Operation Sindoor Victory Rally: Air Force Warriors Welcomed at Adampur Airbase with Symbolic MiG-29 Shield
आज पूरा देश जब कारगिल विजय दिवस के गौरव को नमन कर रहा है, ऐसे में भारतीय वायुसेना ने "ऑपरेशन सिंदूर" की सफलता को सम्मानित करते हुए एक विशेष कार रैली का आयोजन किया। यह रैली दिल्ली से शुरू होकर अंबाला होते हुए जालंधर के पास स्थित आदमपुर एयरबेस पर समाप्त हुई। इस ऐतिहासिक रैली का भव्य स्वागत एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारी मार्शल बृजेश पाल द्वारा फ्लैग-इन समारोह के तहत किया गया।
रैली के दौरान देशभक्ति की भावना चरम पर रही। एयरफोर्स वॉरियर्स ने ताली बजाकर और "भारत माता की जय" के नारों से अपने जांबाज़ साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस आयोजन में मिग-29 लड़ाकू विमान का प्रतीक चिन्ह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे शौर्य और विजय के प्रतीक रूप में वॉरियर्स को भेंट किया गया। रैली में भाग लेने वाले योद्धाओं को शील्ड देकर उनके साहस और योगदान को सम्मानित किया गया।
"ऑपरेशन सिंदूर" न केवल वायुसेना की रणनीतिक दक्षता का उदाहरण है, बल्कि यह भारतीय सैन्य बलों की एकता, समर्पण और निष्ठा का प्रतीक भी है। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि भारत की वायु सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और हर चुनौती का डटकर मुकाबला करने के लिए हमारे जांबाज़ वॉरियर्स सदैव तत्पर हैं।
आदमपुर एयरबेस पर हुए इस आयोजन ने न केवल सैन्य पराक्रम का जश्न मनाया, बल्कि देशवासियों को यह याद दिलाया कि हर विजय के पीछे अनुशासन, समर्पण और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम होता है।