Monday, 09 June 2025
Uncategorized
पादरी बजिंदर को सजा दिलाने वाली महिला और पति पर पलटी कहानी – दुष्कर्म और अपहरण का केस दर्ज, कपल ने बताया साजिश
जालंधर में रेप केस में उम्रकैद की सजा पा चुके पादरी बजिंदर सिंह पर कार्रवाई कराने वाली महिला और उसके पति पर अब खुद गंभीर आरोप लग गए हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर, कपल ने इस मामले को पूरी तरह झूठा करार देते हुए दावा किया कि पादरी उनसे बदला ले रहा है।
महिला के पति रोकी का कहना है कि केस दर्ज वाले दिन वह मंडी में मौजूद ही नहीं था और पादरी ने जेल जाने की खुन्नस में यह साजिश रची है। दंपति ने हिमाचल डीजीपी और हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि साल 2018 में महिला ने आरोप लगाया था कि बजिंदर सिंह ने उसे विदेश में सेटल कराने का झांसा देकर अपने घर बुलाया और वहां उसका रेप किया, वीडियो बनाई और वायरल करने की धमकी दी। दिल्ली एयरपोर्ट से अरेस्ट होने के बाद बजिंदर जमानत पर बाहर था, लेकिन मार्च 2025 में मोहाली कोर्ट ने उसे दोषी करार देकर उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाकी पांच आरोपी बरी हो गए थे।
पीड़िता के पति ने यह भी आरोप लगाया कि केस वापसी के लिए उन पर दबाव बनाया गया और यहां तक कि उन्हें 5 करोड़ रुपये तक का लालच दिया गया। जब ये काम नहीं आया तो बदले की नीयत से अब झूठे केस में फंसाया जा रहा है।
वहीं, चर्च से जुड़े लोग वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे बदनाम करने की साजिश करार दे रहे हैं।