Monday, 24 November 2025
Punjab News
पंजाब-चंडीगढ़ में ठंड और बढ़ेगी, रात के तापमान में आएगी तीखी गिरावट; हवा की गुणवत्ता हुई खराब
पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी। कुछ जिलों में हल्का कोहरा भी छाने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अगले सप्ताह भर बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की कमी आई है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 27.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य स्तर के करीब है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
27 नवंबर को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
•उत्तरी व पूर्वी जिलों में दिन का तापमान: 22–24°C
•अन्य जिलों में दिन का तापमान: 24–26°C
•रात का तापमान (गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का): 4–6°C
•अन्य जिलों में रात का तापमान: 6–8°C
कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य के करीब रह सकता है। दिल्ली-अंबाला और अंबाला-अमृतसर हाईवे पर आसमान साफ रहने का अनुमान है, जिससे दृश्यता सामान्य बनी रहने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ की हवा बिगड़ी, AQI पहुंचा ‘खराब’ श्रेणी में
पंजाब में लगातार पराली जलाने का असर चंडीगढ़ की हवा पर साफ नजर आने लगा है। सुबह 7 बजे शहर के कई सेक्टरों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज हुई:
•सेक्टर-22: AQI 174
•सेक्टर-25: 163
•सेक्टर-53: 157
पंजाब के प्रमुख शहरों में भी एयर क्वालिटी चिंताजनक स्तर पर पहुंची:
•अमृतसर: 190
•जालंधर: 126
•खन्ना: 124
•लुधियाना: 147
•मंडी गोबिंदगढ़: 186
•पटियाला: 162
बठिंडा और रूपनगर का डेटा उपलब्ध नहीं कराया गया है।
मौसम साफ रहते हुए हवा की गुणवत्ता में गिरावट लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकती है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।