देशभर में स्वतंत्रता दिवस 2025 का जश्न धूमधाम से मनाया गया। पंजाब में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम फरीदकोट में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और अपने संबोधन में कहा कि देश की आज़ादी में 80 प्रतिशत से अधिक कुर्बानियां पंजाब ने दी हैं। भगवंत मान ने भावुक होते हुए कहा, “हमारे पूर्वजों ने बहुत भारी कीमत चुकाकर यह आज़ादी दिलाई है। भाईचारा बनाए रखना अब हमारी जिम्मेदारी है, जिसके लिए मैं अंतिम सांस तक प्रयास करता रहूंगा।”
जालंधर में रंगारंग कार्यक्रम
जालंधर में पंजाब के उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने डीसी हिमांशु अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के साथ ग्राउंड का दौरा किया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने लोकगीत, नृत्य और पंजाबी संस्कृति की झलक पेश की। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया।
पूरा माहौल देशभक्ति और एकता के रंग में रंगा रहा, जहां तिरंगे की शान के साथ पंजाब की गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली।
















