Skip to content

दिलजीत दोसांझ के जयपुर शो पर संशय, ईडी की छापेमारी के बाद दर्शकों में बढ़ी उलझन

Doubt over diljit dosanjh jaipur show, confusion increases among audience after ED raid
Doubt over diljit dosanjh jaipur show, confusion increases among audience after ED raid
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिलजीत दोसांझ और ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट टिकट घोटाले के मामले में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़ और बेंगलुरु समेत पांच राज्यों में 13 ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई का उद्देश्य फर्जी टिकट बिक्री से जुड़े मनी ट्रेल का पता लगाना था, जिसके तहत अवैध तरीके से टिकट बेचे जाने का मामला सामने आया है।

कोल्डप्ले के म्यूजिक ऑफ द स्फीयर्स वर्ल्ड टूर और दिलजीत दोसांझ की दिल-लुमिनाती कॉन्सर्ट के लिए संगीत प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस उत्साह के कारण बुक माई शो और जोमैटो लाइव जैसे आधिकारिक प्लेटफार्मों पर बड़ी संख्या में लोग टिकट खरीदने पहुंचे। टिकटों की बढ़ती मांग ने कालाबाजारी और फर्जी टिकट बिक्री को जन्म दिया, जिसमें कई लोगों के साथ ठगी हुई।

ईडी ने फर्जी टिकटों की बिक्री के आरोप में दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों में छापेमारी की, जिसमें कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिमकार्ड जब्त किए गए। टिकट घोटाले के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म, इंस्टाग्राम, वाट्सएप और टेलीग्राम का व्यापक रूप से इस्तेमाल किया गया था। बुक माई शो ने भी इस फर्जी टिकट बिक्री के मामले में संदिग्धों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।

नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हाल ही में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का आयोजन किया गया था, जहां सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। इसी बीच, जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में दिलजीत दोसांझ का आगामी शो 3 नवंबर को होने वाला है, जिसके टिकट ब्लैक मार्केट में 45,000 रुपये तक में बिके, जबकि इसकी आधिकारिक कीमत 2,999 रुपये से 13,999 रुपये तक थी। अब प्रशंसक असमंजस में हैं कि यह शो होगा या नहीं, क्योंकि ईडी ने जयपुर में भी दो ठिकानों पर छापेमारी कर कई डिवाइस जब्त किए हैं।

  Doubt over diljit dosanjh jaipur show, confusion increases among audience after ED raid