जालंधर (सोनू): पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर में पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने बस्ती बावा खेल अड्डा के पास स्थित आनंद मेडिकल स्टोर और प्रभजोत मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। बुधवार सुबह हुई इस कार्रवाई के दौरान एसीपी आतिश भाटिया, एसएचओ संजीव सूरी और ड्रग इंस्पेक्टर अमित बांसल की टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदार आनंद और उसके बेटे को हिरासत में लिया।
ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, एक हजार रुपये की नशीली दवाइयां खरीदीं
एसीपी आतिश भाटिया के अनुसार, पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ मुहिम के तहत आयोजित बैठक के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्ती बावा खेल इलाके में स्थित मेडिकल स्टोर पर नशीली गोलियां बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर पर भेजा। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति दुकान से करीब एक हजार रुपये की नशीली दवाइयां खरीदकर लाया।
इसके बाद पुलिस ने बस्ती बावा खेल थाना, थाना नंबर-5 और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।
पत्तों से निकालकर डिब्बे में रखी जा रही थीं गोलियां
छापेमारी के दौरान टीम ने कथित तौर पर देखा कि दुकानदार गोलियों को उनके पत्तों से निकालकर दूसरे डिब्बे में खुला रख रहा था और फिर उन्हें बेचा जा रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद दवाइयों की जांच और बरामदगी की कार्रवाई शुरू की।
एसीपी के मुताबिक, अब तक 100 से अधिक नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। मामले में दवाइयों की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई
एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि संबंधित दुकान पर पहले भी छापेमारी की गई थी और दुकानदार को जेल भेजा गया था। उनके अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद दोबारा नशीली गोलियां बेचने की गतिविधियां शुरू होने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करवाने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर की टीम को पत्र लिखने की बात कही है। इसके अलावा दुकान को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम अन्य संबंधित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।