मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात तीन अज्ञात हमलावरों ने निर्मल नगर में कोलगेट ग्राउंड के पास उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने उन पर दो से तीन राउंड फायर किए, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उनका अंतिम संस्कार आज रात 8:30 बजे बड़े कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि घटना में दो आरोपियों – गुरमेल सिंघा और धर्मराज कश्यप – को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों की गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी जांच में सहायता के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) तैनात किया है। फोरेंसिक टीमें घटना स्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं और शव का पोस्टमार्टम कूपर अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बाबा सिद्दीकी को 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके चलते उनकी सुरक्षा को वाई श्रेणी में बढ़ा दिया गया था।
इस घटना के बाद विपक्षी नेताओं ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। विपक्ष का आरोप है कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, और उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बाबा सिद्दीकी ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में शामिल हुए थे। वे तीन बार बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे, लेकिन 2014 में भाजपा के उम्मीदवार आशीष शेलार से हार गए। 1992-1997 तक उन्होंने नगर निगम पार्षद के रूप में कार्य किया, और कांग्रेस-एनसीपी सरकार के दौरान राज्य मंत्री के रूप में खाद्य, श्रम, और उपभोक्ता संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व किया।
Sensation due to murder of NCP leader baba siddique in mumbai