Skip to content

शंभू से दिल्ली तक किसानों के मार्च की अंतिम तैयारियां पूरी

Final preparations for the farmers march from shambhu to delhi are complete
Final preparations for the farmers march from shambhu to delhi are complete
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) से जुड़े किसान संगठनों ने 6 दिसंबर 2024 को शंभू से दिल्ली पैदल मार्च की पूरी तैयारियां कर ली हैं। रविवार को चंडीगढ़ स्थित किसान भवन में रोड मैप जारी किया गया। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि पैदल मार्च में शामिल किसान हर दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यात्रा करेंगे और शाम ढलते ही सड़क किनारे विश्राम करेंगे।

पंधेर ने बताया कि पैदल मार्च के दौरान चार स्थानों पर रुकने की योजना है। पहला जत्था 6 दिसंबर को शंभू बार्डर से रवाना होकर शाम तक अंबाला पहुंचेगा। अगले पड़ाव मोहरा मंडी, खानपुर जट्टा, और पिपली होंगे। किसानों के आराम और भोजन की व्यवस्था हरियाणा के किसान करेंगे।

पंधेर ने दोहराया कि किसान इस बार भी बिना हथियार के शांतिपूर्ण तरीके से कूच करेंगे। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और हरियाणा सरकार से अपील की कि वे अपने बयान पर कायम रहें, जिसमें कहा गया था कि यदि किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के बिना कूच करते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

संगरूर जिले के खनौरी में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन छठे दिन भी जारी रहा। डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच में पाया कि उनका बीपी 151/105, शुगर लेवल 74, और पल्स 94 रिकॉर्ड की गई है। डल्लेवाल ने कहा, "यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए लड़ी जा रही है।"

डल्लेवाल के समर्थन में मुस्लिम समुदाय भी खनौरी पहुंचा। कर्नाटक के किसान नेता कुबरू शांताकुमार ने घोषणा की कि उनका संगठन 6 दिसंबर से बेंगलुरु में मरणव्रत शुरू करेगा, जहां हर दिन 50 किसान उपवास पर बैठेंगे।

तमिलनाडु के किसान नेता पी.आर. पंडयान ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने किसानों की मांगें नहीं मानीं तो 14 दिसंबर से रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा।

  Final preparations for the farmers march from shambhu to delhi are complete