कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संकेत दिया है कि वह जल्द अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। यह ऐलान उन्होंने खुद किया है, और यह कदम नेशनल कॉकस की बैठक से पहले लिया गया है। इस बैठक में ट्रूडो को पार्टी के भीतर विद्रोह का सामना करना पड़ सकता था, इसलिए उन्होंने पहले ही इस्तीफे की घोषणा कर दी ताकि यह न लगे कि उन्हें पार्टी सांसदों ने बाहर किया है।
सूत्रों के अनुसार, लिबरल पार्टी के कॉकस की बैठक में ट्रूडो को पार्टी नेता के पद से हटा दिया जा सकता था। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि ट्रूडो तत्काल इस्तीफा देंगे या नए नेता के चुनाव तक वह पद पर बने रहेंगे। ट्रूडो ने इस मामले पर वित्त मंत्री डॉमिनिक लीब्लैंक से भी चर्चा की थी।
प्रधानमंत्री पर बढ़ा दबाव
ट्रूडो पर दबाव तब और बढ़ा, जब डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रूडो को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, एलन मस्क ने ट्रंप की जीत के बाद ट्रूडो की उल्टी गिनती शुरू होने की बात कही थी। वर्तमान में कनाडा की संसद में लिबरल पार्टी के पास 153 सीटें हैं, जबकि कुल सीटों की संख्या 338 है। बहुमत के लिए 170 सीटें चाहिए। कुछ महीने पहले ट्रूडो की सरकार को सहयोगी न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन भी वापस मिल चुका है।
कुछ दिन पहले डिप्टी प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड के इस्तीफे ने भी ट्रूडो की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फ्रीलैंड ने उस दिन इस्तीफा दिया जब उन्हें बजट पेश करना था, जिसके बाद कैबिनेट ने भी ट्रूडो पर इस्तीफे का दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
कनाडा के नागरिक चाहते हैं ट्रूडो का इस्तीफा
एक हालिया सर्वे के अनुसार, 73% कनाडा के नागरिक चाहते हैं कि ट्रूडो प्रधानमंत्री और लिबरल पार्टी के नेता के रूप में इस्तीफा दे दें। इनमें से 43% लिबरल पार्टी के वोटर भी शामिल हैं। ट्रूडो की सरकार की लोकप्रियता में गिरावट के कई कारण हैं, जिनमें प्रमुख रूप से अर्थव्यवस्था, घरों की बढ़ती कीमतें, और अप्रवासी मुद्दे शामिल हैं।
ट्रूडो का विरोध अब सिर्फ संसद और पार्टी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनता में भी उनकी नीतियों को लेकर गुस्सा है। कनाडा के लोग ट्रूडो के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं, खासकर खालिस्तानियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी असंतोष बढ़ा है। कुछ कनाडाई नागरिकों ने लाइव टीवी पर यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री ट्रूडो ने कनाडा को बर्बाद कर दिया है और अब उनका समय आ गया है कि वह इस्तीफा दें।