Skip to content

100 मीटर दूर थाने से, मेडिकल स्टोर में चोरी: जालंधर में चोरों का कहर जारी

Thieves Loot Medical Store Just 100 Meters from Police Station in Jalandhar
Thieves Loot Medical Store Just 100 Meters from Police Station in Jalandhar
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर, 30 अप्रैल 2025 – शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जालंधर के डिवीजन नंबर दो थाना क्षेत्र का है, जहां चोरों ने पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक मेडिकल स्टोर को निशाना बना डाला। वारदात सोमवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अनेजा मेडिकल स्टोर पहुंचे और शटर तोड़कर दुकान में घुस गए।

डोनेशन बॉक्स और अन्य सामान चोरी
चोर दुकान के भीतर घुसते ही डोनेशन बॉक्स में रखे पैसे और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें दोनों आरोपी मुंह ढके हुए नजर आ रहे हैं।

मालिक को मिली PCR से सूचना
दुकान मालिक गौरव अनेजा ने बताया कि उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) से कॉल के जरिए चोरी की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तो दुकान का शटर टूटा हुआ और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने कहा, "थाना महज 100 मीटर दूर है, फिर भी चोरी होना बेहद शर्मनाक और चिंता का विषय है।"

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर दो से एएसआई विजय कुमार मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है और फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।