Skip to content

पंजाब पुलिस में नई भर्ती और हाईटेक सुधारों की शुरुआत, मान सरकार ने बढ़ाई ऑपरेशनल ताकत

Punjab Police Begins New Recruitment Drive and High-Tech Upgrades Under Mann Government
Punjab Police Begins New Recruitment Drive and High-Tech Upgrades Under Mann Government
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

चंडीगढ़ – पंजाब में बेरोजगार युवाओं और पुलिस महकमे दोनों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पंजाब पुलिस में नई भर्तियों का ऐलान कर दिया है। वर्षों से ठप पड़ी नियुक्तियों को दोबारा शुरू कर राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब पंजाब की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

राज्य में इस समय पुलिस फोर्स की संख्या लगभग 80,000 है, जो कि पिछले एक दशक से स्थिर बनी हुई थी। सेवानिवृत्त कर्मियों के स्थान पर नई नियुक्तियों की कमी ने पुलिस की नफरी को प्रभावित किया, जिससे बढ़ती जनसंख्या और अपराधों से निपटने में दिक्कतें पेश आ रही थीं।

मुख्यमंत्री मान ने हाल ही में डीजीपी गौरव यादव को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न रैंकों में पुलिस भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। यह कदम सीमावर्ती राज्य पंजाब की सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है, जहां पर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं।

सिर्फ भर्ती ही नहीं, पंजाब पुलिस के आधुनिकीकरण पर भी सरकार का विशेष फोकस है। हाल ही में राज्य के 454 पुलिस थानों को अत्याधुनिक हाईटेक व्हीकल्स से लैस किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा 139 नए वाहन एसएचओज़ को सौंपे गए हैं, जिससे गश्त की गति और अपराध नियंत्रण क्षमता में उल्लेखनीय इज़ाफा होगा।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि इन हाईटेक वाहनों में नवीनतम सूचना तकनीक उपलब्ध है, जिससे 24 घंटे निगरानी और रिस्पॉन्स अब पहले से कहीं अधिक प्रभावी हो सकेगा। लंबे समय से पुराने व जर्जर वाहनों का उपयोग कर रही पुलिस को अब एक नया बल मिला है, जिससे विशेषकर नशा तस्करी और संगठित अपराधों पर कड़ा शिकंजा कसा जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पंजाब को सुरक्षित, अपराध मुक्त और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए पुलिस के इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधनों को लगातार मजबूत किया जाएगा।