जालंधर: भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा की तबीयत जेल में बिगड़ गई है। जानकारी के अनुसार, उन्हें पित्ते में पथरी की समस्या है और बीते कुछ दिनों से वे तेज़ पेट दर्द से परेशान हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद उनके वकीलों दर्शन सिंह दयाल और नवीन चड्ढा ने विशेष उपचार की अनुमति के लिए एक नई याचिका अदालत में दाखिल की है।
यह याचिका अतिरिक्त सैशन जज व ड्यूटी जज डॉ. दीप्ति गुप्ता की अदालत में दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि रमन अरोड़ा के पित्ते में 13 मिमी की पथरी सहित अन्य पथरियाँ हैं, जिससे उन्हें दिन-रात असहनीय दर्द होता है और उनकी स्थिति गंभीर है। अदालत ने इस याचिका की सुनवाई के लिए 21 जून 2025 की तारीख तय की है।
रमन अरोड़ा पेशे से एक कपड़े के व्यापारी हैं और जालंधर के पीर बोदलां बाजार में उनका पुराना व्यवसाय है। राजनीति में आने से पहले उन्होंने COVID-19 महामारी के दौरान सामाजिक सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसकी सराहना के चलते उन्हें कांग्रेस सरकार में खत्री-अरोड़ा बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
दिसंबर 2021 में एक जागरण कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और जीतकर विधायक बने।
हालांकि विधायक बनने के बाद उनकी कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठते रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ पंजाब सरकार के सख्त रुख के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, जो राज्य की राजनीति में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।