जालंधर में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हरदयाल नगर इलाके में नशा तस्कर विजय कुमार उर्फ लड्डू के घर के बाहर बने अवैध ढांचे को आज पीले पंजे से गिरा दिया गया।
नगर निगम अधिकारी हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। उसे कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उसने किसी का जवाब नहीं दिया। अंततः पुलिस सुरक्षा के बीच निगम ने कार्रवाई करते हुए अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
एसीपी आतिश भाटिया ने पुष्टि की कि आरोपी विजय कुमार उर्फ लड्डू के खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक कुख्यात नशा तस्कर है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि उसके पूरे परिवार को नशा तस्करी और संबंधित मामलों में गिरफ्तार कर कपूरथला जेल भेजा गया है।
यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में एक और बड़ा कदम मानी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों।