पंजाब सरकार ने 31 जुलाई 2025 को शहीद ऊधम सिंह की शहादत को समर्पित करते हुए पूरे राज्य में अवकाश की घोषणा की है। इस दिन सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और अन्य शासकीय संस्थान बंद रहेंगे। यह निर्णय शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इसके साथ ही सरकार ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए भवानीगढ़-सुनाम रोड का नाम शहीद ऊधम सिंह मार्ग रखने का ऐलान किया है। इस रोड का आधिकारिक नामकरण 31 जुलाई को ही किया जाएगा। पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने जानकारी दी कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद समारोह में मौजूद रहेंगे और नामकरण करेंगे।
शहीद ऊधम सिंह को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक महान योद्धा के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए जनरल डायर के आदेश पर हुए कत्लेआम के जिम्मेदार माइकल ओ डायर की हत्या की थी। उनका यह बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।
पंजाब सरकार का यह फैसला युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा देने और वीर शहीदों के योगदान को स्मरण करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।