Skip to content

बाबा सोढल मेला 2025 : 6 सितंबर को जालंधर में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु

Baba Sodhal Mela 2025: Lakhs of Devotees to Gather in Jalandhar on September 6
Baba Sodhal Mela 2025: Lakhs of Devotees to Gather in Jalandhar on September 6
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

जालंधर में इस वर्ष श्री सिद्ध बाबा सोढल मेला 6 सितंबर को बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। यह ऐतिहासिक मेला महान संत बाबा सोढल की स्मृति में हर साल भादों मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को आयोजित किया जाता है। पंजाब के प्रमुख मेलों में शामिल इस मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भाग लेने आते हैं और अपनी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना करते हैं।

जालंधर स्थित बाबा सोढल मंदिर संतान प्राप्ति की अनोखी परंपरा के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। लगभग तीन सौ साल पुराने इस मंदिर में निःसंतान दंपत्ति प्रसाद ग्रहण करके संतान सुख का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसी कारण हर साल यहां हजारों जोड़े श्रद्धा से दर्शन करने पहुंचते हैं।

मंदिर परिसर में स्थित पवित्र सोढल सरोवर भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। सरोवर में स्थापित सोढल बाबा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। भक्त सरोवर के पवित्र जल का छिड़काव अपने ऊपर करते हैं और उसे चरणामृत के रूप में ग्रहण करते हैं। मेले के दिनों में यहां लाखों की भीड़ उमड़ती है, जो मेले से पहले और बाद तक लगातार बनी रहती है।

किवदंती के अनुसार बाबा सोढल का जन्म जालंधर में हुआ था। बचपन में ही उनके साथ एक घटना जुड़ी, जिसने उन्हें देवत्व प्रदान किया। कहा जाता है कि एक दिन जब वह अपनी माता के साथ तालाब पर गए, तो खेलते-खेलते बार-बार पानी के पास पहुंचने लगे। माता ने कई बार रोका, लेकिन उनके न मानने पर गुस्से में माता ने उन्हें ‘गर्क जा’ कह दिया। माता के वचनों को सत्य मानकर बाबा सोढल ने तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह पवित्र नाग देवता के रूप में प्रकट हुए और तब से उनकी दिव्यता की कथा पूरे क्षेत्र में फैल गई।