जालंधर के मकसूदां इलाके में स्थित एम-2 रेस्टोरेंट में हुक्का बार की अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थाना एक की पुलिस ने रेस्टोरेंट पर छापा मारते हुए दो युवकों — अभिषेक (निवासी सराभा नगर) और साहिल कुमार (निवासी मखदूमपुरा) — को गिरफ्तार किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन हुक्के, तीन चिलम और हुक्के के फ्लेवर के तीन डिब्बे बरामद किए। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट की आड़ में लंबे समय से हुक्का सर्व किया जा रहा है।
रेड के वक्त रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि हुक्का बार का संचालन करने वाले दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। बाद में दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा कि यदि भविष्य में दोबारा से हुक्का परोसा गया तो रेस्टोरेंट के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी तेज।