आदमपुर (पंजाब), 1 जून 2025:
पंजाब के यात्रियों के लिए खुशखबरी है! लंबे समय के इंतजार के बाद आदमपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा 2 जुलाई 2025 से यह सीधी फ्लाइट शुरू की जाएगी, जो दोपहर 4:30 बजे आदमपुर से उड़ान भरकर 7:30 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरेगी।
यह सेवा उन हजारों यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, जो अब तक जालंधर या आस-पास के शहरों से मुंबई जाने के लिए पहले दिल्ली या अमृतसर की यात्रा करने को मजबूर थे।
गौरतलब है कि इससे पहले 2020 में स्पाइसजेट ने आदमपुर-मुंबई रूट पर सेवाएं दी थीं, लेकिन कोविड-19 की महामारी के चलते उड़ानें बंद कर दी गई थीं। अब इंडिगो ने एक बार फिर इस रूट को सक्रिय किया है। फ्लाइट की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
फिलहाल आदमपुर एयरपोर्ट से श्री नांदेड़ साहिब, हिंडन और बेंगलुरु के लिए फ्लाइट्स चालू हैं। अब यात्रियों की मांग है कि विदेशों और अन्य महानगरों जैसे दिल्ली, हैदराबाद, पुणे, और दुबई के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू की जाएं।
यात्रियों की सुविधा के लिए फोर-लेन अप्रोच रोड का कार्य भी चल रहा है, जो डमुंडा और कंदोला गांवों से होकर एयरपोर्ट तक पहुंचेगी। पहले चरण में कंदोला तक सड़क निर्माण हो चुका है और शेष 1.5 किमी सड़क का कार्य प्रगति पर है।