चंडीगढ़, 25 जून 2025 — पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ एक बार फिर से बड़ी कानूनी कार्रवाई सामने आई है। पंजाब विजिलेंस टीम ने मजीठिया को आज दोपहर हिरासत में लिया, जिसके बाद सुबह 4 बजे गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। विजिलेंस विभाग द्वारा की गई इस एफआईआर में 2007 से लेकर 2017 के बीच मजीठिया और उनके परिजनों की संपत्तियों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है। एफआईआर में उनकी पत्नी के नाम पर भी संपत्तियों और संदिग्ध ट्रांजैक्शनों का जिक्र किया गया है।
एआईजी नवजोत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई कई महीनों की जांच के बाद की गई है और यह पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हिस्सा है। मामले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पंजाब पुलिस की कई टीमें मजीठिया से जुड़ी संपत्तियों और दस्तावेज़ों की छानबीन में जुटी हुई हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर हलचल है और आने वाले समय में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।