चंडीगढ़: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। जैसे ही यह धमकी हाईकोर्ट प्रशासन तक पहुंची, पुलिस ने तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी और बम स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाया गया। हाईकोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में गहन चेकिंग की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। फिलहाल, आने-जाने वाले हर व्यक्ति की कड़ी जांच हो रही है। खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है।
गौरतलब है कि इसी दिन सुबह दिल्ली के 50 से अधिक स्कूलों को भी बम धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। इन स्कूलों में मालवीय नगर, करोल बाग, हौज रानी और प्रसाद नगर के आंध्रा स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं। इससे पहले दो दिन पहले ही 32 स्कूलों को इसी तरह की धमकी दी गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल की स्रोत और विश्वसनीयता की जांच की जा रही है। साथ ही, साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों घटनाओं (हाईकोर्ट और दिल्ली स्कूलों की धमकियों) के बीच संभावित कनेक्शन तलाशने में जुटी हैं।