पंजाब के जिला बठिंडा प्रशासन ने 27 से 29 सितंबर 2025 तक तीन दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। यह फैसला माईसरखाना गांव में लगने वाले वार्षिक धार्मिक मेले के मद्देनज़र लिया गया है।
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने आदेश जारी करते हुए बताया कि माईसरखाना के सरकारी एलीमेंट्री स्कूल, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और माता माईसरखाना कॉलेज ऑफ एजुकेशन (फॉर गर्ल्स) में तीन दिन की छुट्टी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इस दौरान मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे कस्बे में भीड़ और अव्यवस्था हो सकती है।
प्रशासन ने आदेश दिया है कि गांव की सीमा के भीतर सभी देसी और विदेशी शराब के ठेके 27 से 29 सितंबर तक बंद रहेंगे। किसी भी व्यक्ति को शराब बेचने या स्टोर करने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों का कहना है कि मेले के दौरान नशे का सेवन धार्मिक माहौल को बिगाड़ सकता है और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
हर साल आयोजित होने वाले इस मेले में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और अमन-शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने छुट्टी और ठेकों पर रोक जैसे विशेष कदम उठाए हैं।