Skip to content

सुल्तानपुर लोधी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मीट-तंबाकू और शराब की दुकानें रहेंगी बंद

Sultanpur Lodhi Bans Meat, Tobacco and Liquor Shops for Guru Nanak Dev Ji’s Prakash Parv
Sultanpur Lodhi Bans Meat, Tobacco and Liquor Shops for Guru Nanak Dev Ji’s Prakash Parv
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

कपूरथला। 5 नवंबर को देशभर में पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में धार्मिक माहौल की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष आदेश जारी किए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट कपूरथला अमित कुमार पंचाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश दिए हैं कि 3 नवंबर से 5 नवंबर तक सुल्तानपुर लोधी शहर में सभी मीट, तंबाकू और शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

आदेश में कहा गया है कि प्रकाश पर्व के दौरान शहर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए किसी भी प्रकार की गतिविधि जो धार्मिक वातावरण या आस्था को आहत करे, उस पर रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने पुलिस और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों की सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

हर वर्ष की तरह इस बार भी सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा बेर साहिब समेत सभी ऐतिहासिक गुरुद्वारों में दीवान सजाए जाएंगे, नगर कीर्तन निकाले जाएंगे और लंगर सेवा लगातार जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण को बनाए रखें और गुरु साहिब के उपदेशों पर चलने का संकल्प लें।